ग्वालियर। मध्यप्रदेश के दतिया जिले के इंदरगढ में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सराफा व्यापारी कल देर शाम मुदगल मार्केट स्थित अपनी दुकान बंद कर थैले में दो लाख रुपए नगद, डेढ किलो सोना और दो किलो चांदी लेकर अपने घर जा रहा था। सोना और चांदी की कीमत करीब पचास लाख रुपए बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, व्यापारी जैसे ही नगर के राजा का बाग मोहल्ला में पहुंचा तभी चेहरा बांधे बाइक सवार तीन बदमाशों ने सराफा व्यापारी को घेर लिया। बदमाशों ने पहले तो व्यापारी के साथ मारपीट की। इसके बाद बैग छीना लेकिन जब व्यापारी ने बैग नहीं छोडा तो एक बदमाश ने कट्टे से पीठ में गोली मार दी। गोली व्यापारी की पीठ में जा धंसी जिससे वह घायल होकर गिर पडा। व्यापारी के सडक पर गिरते ही बदमाश उसका बैग छीनकर फरार हो गए।
मोहल्ले के लोग व्यापारी को इंदरगढ अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से गंभीर हालत में उसे ग्वालियर रैफर कर दिया। इस सनसनीखेज घटना से नगर के व्यापारी खौफजदा हैं। वहीं पुलिस ने बदमाशों को पकडने के लिए नाकाबंदी की लेकिन सफलता नहीं मिली। लूट की वारदात के विरोध में इंदरगढ के सराफा व्यापारियों ने आज बाजार बंद कर बदमाशों को पकडने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पहाडी रावत निवासी सराफा व्यापारी चंद्रप्रकाश शर्मा (46वर्ष) इंदरगढ कस्बे में राजा का बाग में किराए के मकान में निवास करते हैं। साथ ही कस्बा में ही अंबेडकर पार्क के सामने स्थित मुदगल मार्केट में सराफा की दुकान संचालित करते हैं। रोज की तरह चंद्रप्रकाश कल ज्वैलर्स की दुकान को बंद कर दुकान के अंदर रखा डेढ किलो सोना, दो किलो चांदी और दो लाख रुपए एक थैले में रखकर अपने घर जा रहे थे। जैसे ही चंद्रप्रकाश कस्बे में राजा का बाग मोहल्ले में सतीश यादव के मकान के पास पहुंचे तभी बाइक सवार हथियारों से लैस तीन बदमाशों ने घेर लिया।
इंदरगढ़ में सराफा व्यापारियों के साथ अक्सर लूट की घटनाएं सामने आती हैं। व्यापारी चंद्रप्रकाश पर जानलेवा हमला कर की गई लूट की घटना को लेकर सराफा एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष राजेश नीखरा ने देर रात इंदरगढ बाजार में व्यापारियों की बैठक बुलाई की थी। आज इन्दरगढ में लूटपाट की घटनाओं को लेकर व्यापारियों में काफी आक्रोश है।
