


भोपाल। मध्यप्रदेश में गणपति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हुआ है. राजधानी भोपाल में विसर्जन के समय एक नाव पलट गई. इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, पांच लोगों को बचा लिया गया. जबकि अभी भी दो लोगों की तलाश जारी है. ये हादसा भोपाल की मशहूर छोटी झील के खाटलापुरा घाट पर नाव पलटने से हुआ. नाव हादसे में नाव चलाने वाले (नाविक) आकाश बाथम एवं चंगु बाथम के खिलाफ थाना जहांगीराबाद में केस दर्ज किया गया है.
भोपाल हादसे के बाद राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने घटना के मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया है, साथ ही इस मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कडी कार्यवाही की बात कही गई है।
खाटलापुरा घाट के पास सुबह साढ़े चार बजे यह घटना हुई. प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि मृतकों के परिवारों को सरकार की ओर से चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
जिस नाव में मूर्ति विसर्जित करने के लिए झील में उतारी गई थी, वह नाव काफी छोटी थी जबकि मूर्ति काफी बड़ी थी. मूर्ति विसर्जन के लिए पानी में उतारने के दौरान नाव एक तरफ झुक गई और पलट गई। इस दौरान नाव में सवार श्रद्धालु मूर्ति के नीचे दब गए। अब तक 11 लोगों के शव निकाले जा चुके है।
इस हादसे में जिन 11 लोगों के शव निकाले गए है उनमें 1- परवेज खान 15 वर्ष पिता सईद खान निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी, रोहित मौर्य, पिता नंदू मौर्य उम्र 30 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी, करण, उम्र 16 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी, हर्ष, उम्र 20 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी, सन्नी ठाकरे, पिता नारायण ठाकरे उम्र 22 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी, राहुल वर्मा, पिता मुन्ना वर्मा उम्र 30 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी, विक्की, पिता रामनाथ उम्र 28 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी, विशाल, पिता राजू उम्र 22 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी, अर्जुन शर्मा, उम्र 18 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी, राहुल मिश्रा, उम्र 20 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी, करण 26 वर्ष निवासी पिपलानी के शव निकाल लिए गए है। और शवों की खोजबीन जारी है।
