ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार विधानसभा से लगातार सात बार चुनाव जीतकर कमलनाथ सरकार में ताकतवर मंत्री डॉं. गोविन्द सिंह ने कहा है कि महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनाव परिणामों से यह बात साफ हो गई है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जादू अब समाप्त हो गया है। जिस तरह मतदान के 24 घण्टे पहले पाकिस्तान पर अटैक कराया और फिर देश में प्रचार कर दिया कि 28 पाकिस्तानी सैनिकों को मार दिया गया है। मोदी की कथनी और करनी को लोग अच्छी तरह समझ गए है। डॉं. गोविन्द सिंह ने आरोप लगाया कि हरियाणा में भाजपा सरकार बनाने के लिए विधायकों को ब्लैकमेल कर रही है। डॉं. गोविन्द सिंह का कहना है कि भाजपा सरकार बनाने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त में लग गई है। भाजपा ने कर्नाटक और गोवा में भी सरकार बनाने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त की थी।
डॉं. गोविन्द सिंह ने कहा कि झाबुआ में कांग्रेस की जीत पहले ही सुनिश्चित थी। प्रदेश सरकार की योजनाएं गरीब हितैषी है। मुख्यमंत्री कमलनाथ जो कहते है वो करते है। भाजपा के चेहरे को देखकर मतदाता भडक जाता है। 15 साल के भाजपा सरकार के कार्यकाल को जनता याद नहीं करना चाहती। अब झाबुआ में विकास होगा तथा जनता की आवाज सुनी जाएगी।
