भोपाल। मध्यप्रदेश के भोपाल में फर्जी जाति प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र और गुमाश्ता लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेज तैयार कर लोगों के साथ ठगी करने वाले गिरोह के सरगना समेत तीन जालसाजों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोेपी, जरूरतमंद लोगों से 10 से 15 हजार रुपए लेकर उन्हें प्रमाण-पत्र बनाकर देते थे। क्राइम ब्रांच ने उनके पास से बडी मात्रा में तैयार दस्तावेज और विभिन्न विभागों की सील बरामद की हैं।

एएसपी क्राइम ब्रांच निश्चल झारिया के अनुसार सूचना मिली थी कि सैफ खान और उसके साथियों द्वारा अशिक्षित एवं बेरोजगार लोगों से पैसे लेकर फर्जी तरीके से प्रमाण-पत्र बनाए जा रहे हैं। क्राइम ब्रांच ने एक आरक्षक को पैसे देकर लिली टॉकीज चौराहे पर सैफ खान के पास जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भेजा था। सैफ ने बताए हुए नाम और पते के आधार पर जन्म प्रमाण पत्र बनाकर दीपावली के बाद देने की बात कही। सूचना सही पाए जाने पर क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया।

एएसपी के अनुसार सैफ खुद ही ग्राहकों की तलाश करता था। वह ही प्रमाण-पत्र के रेट बताता था। जिन लोगों को प्रमाण पत्र की तुरंत आवश्यकता होती थी, वह उनसे दस से पंद्रह हजार रुपए तक वसूल करता था। फर्जी दस्तावेज तैयार करने में कोलार रोड निवासी शशांक पोतदार और राहुल नगर निवासी सुनील कुमार बरखने भी शामिल हैं। शशांक की कोलार रोड इलाके में सील बनाने की दुकान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *