इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि कलेक्टर साहब… आपके 100 फीसदी पटवारी रिश्वत लेते हैं। इन पर आप लगाम कसिए। उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी आज रंगवासा में आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में आए थे। उन्होंने कलेक्टर लोकेश कुमार जाटव से कहा कि हाथ जोडने के बाद अनुरोध से भी यह काम करने के लिए नहीं मानते हैं। पटवारी ने लोगों से कहा कि रिश्वत लेना और देना दोनों अपराध है। कोई मांगे तो आप इसे मना करें और काम करवाएं। यदि आवेदन के बाद भी काम नहीं होता है तो आप मुझे बताएं।

मंत्री ने अवैध कॉलोनी के काम को लेकर भी प्रशासन को हिदायत दी कि वह इन्हें नहीं बढने दें। मंत्री ने कहा कि कलेक्टर साहब हमें अवैध कॉलोनियों को रोकना पडेगा। आप जिलेभर में एक अभियान चलाइए। आज जो अवैध कॉलोनी निर्मित होगी, वह कल समस्या का घर बनेगी। आज हम अवैध कॉलोनियों में काम नहीं कर पाए तो अगली बार दूसरी अवैध कॉलोनी में काम नहीं कर पाएंगे। अवैध कॉलोनी को वैध करने का काम किया जा रहा है, लेकिन हमें अवैध से वैध करने के इस सिलसिले को रोकना होगा। यदि इसी प्रकार से अवैध कॉलोनियां कटती रहीं तो आने वाले समय में आपका प्रबंधन क्या करेगा। ये चिंता का विषय है। इसलिए पद पर जो लोग बैठे हुए हैं, चाहे वो नगर पंचायत के हों, जिला पंचायत हो, विधायक हो, मंत्री हो अगर वे यह बात नहीं सोचेंगे तो कौन सोचेगा। प्रदेश सरकार के तो इस पर निर्देश आएंगे ही, क्यों ना आप अवैध कॉलोनी आगे से ना कटें, इस पर एक्शन प्लान तैयार करना शुरू कर दें। जिससे हम इस समस्या को आगे बढने से पहले ही रोक दें। इस शिविर में आए आवेदन पर कितना निराकरण हुआ यह मैं देखूंगा। निराकरण नहीं होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *