भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने नरेंद्र मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोदी सरकार के गृहविभाग का वह पत्र मीडिया को जारी किया है जिसमें भारत सरकार ने उज्जैन के नकली घी बनाने वाले कीर्ति वर्धन केलकर पर लगाई गई राष्ट्रीय सुरक्षा कानून को हटाने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा एवं उपाध्यक्ष अभय दुबे ने पत्रकार वार्ता कर केंद्र की इस हरकत को घिनोनी और शर्मनाक बताया है।
अभय दुबे ने बताया कि कीर्ति वर्धन केलकर नामक व्यक्ति को 30 जुलाई 2019 को उज्जैन प्रशासन ने नकली घी बनाते हुए तथा केमिकल एवं रसायनों के साथ पकड़ा। मौके पर पुलिस प्रशासन ने पाया कि उक्त व्यक्ति अपने परिसर में बेकरी शार्टनिंग के नाम पर मिलावटी घी का निर्माण कर रहा है। इस व्यक्ति से 45 किलो नकली घी भी जब्त कर जांच के लिए भेजा। जांच रिपोर्ट में सामग्री अवमानक स्तर की पाई गई और आरोपी के खिलाफ एफएसएस एक्ट 2006 की धारा 26(2)(पप) तथा नियम 2011 सहपठित धारा 51 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। जांच में पाया गया कि यह व्यक्ति आदतन अपराधी है। इसके पूर्व 2015 में भी इसे नकली घी बनाते हुए पकड़ा गया था। तब का प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में प्रशासन ने इस आरोपी को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 3(2) के तहत रासुका में निरूध किया। अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को कोई राहत प्रदान नहीं कि मगर दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि केंद्रीय गृहमंत्रालय ने 10 अक्टूबर 2019 को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून 1980 की धारा 14 (1) के तहत रासुका की कार्रवाई को रिवोक कर दिया है।

शोभा ओझा और अभय दुबे ने केंद्रीय गृहविभाग की इस कार्रवाई को शर्मनाक बताते हुए आरोप लगाया है कि मप्र भाजपा के बड़े नेता सत्ता में रहते हुए भी मिलावट खोरों के साथ खड़े थे और आज विपक्ष में रहकर भी मिलावटखोरों का साथ निभा रहे हैं।

अभय दुबे ने बताया कि कमलनाथ सरकार ने शुद्ध के लिए युद्ध छेड़ रखा है। अब तक 89 मिलावटखोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। 31 मिलावटखोरों को रासुका के तहत जेल में डाला गया है। पूरे प्रदेश में इस साल 19 जुलाई से 16 अक्टूबर तक दूध उत्पादनों एवं अन्य खाद्य पदार्थों, पान मसाला सहित कुछ 7425 नमूने जांच के लिए दिए गए हैं। इनमें से राज्य प्रयोगशालाओं और अन्य प्रयोगशालाओं से कुछ 2147 सेंपलों की रिपोर्ट आई है। इनमें 666 अवमानक पाए गए हैं। 163 मिथ्याछाप पाए गए हैं। 40 मिलावटी पाए गए हैं। 36 सुरक्षित पाए गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *