इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में सिर्फ उत्साह और उल्लास ही नहीं है, मां के प्रति गहरा भक्ति भाव भी है। और है इस भक्तिभाव की लहर पर सवा कलात्मक और अनुशासित अभिव्यक्ति। महालक्ष्मी प्रांगण में अभिव्यक्ति गरबोत्सव के तीसरे दिन यानी शनिवार को सजीले युवा युगल ने अपने निराले अंदाज में गरबा किया। दो दिन तक बारिश के साये में गरबा करने वालों ने तीसरे दिन ड्रेसेस में कई एक्सपेरिमेंट्स किए और प्रॉपर्टीज में भी कई इनोवेशन किए। वे थीम पर ड्रेसअप होकर आए। लयात्मक और कलात्मक गरबे नयनाभिराम भी हैं और अनुशासित भक्ति के दृश्य भी।
50 हजार वॉट्स के साउंड सिस्टम से बिगुल बजते ही प्रतिभागियों ने अपने अनूठे स्टेप्स के साथ गरबा किया। पार्टिसिपेंट्स ने डांडिया और फ्री स्टाइल राउंड को जमकर एंज्वाय किया। पारंपरिक गुजराती और बॉलीवुड गीतों पर स्टाइलिश गरबे के साथ ही डांडिये की खनक ने माहौल को जोशीला बना दिया। जितना उत्साह प्रतिभागियों में रहा, उससे ज्यादा उत्साह जनरल सर्कल में गरबा करते हजारों भक्तिमय युवाओं में भी। यहां भी युवा अलग-अलग थीम पर सज-धज कर आए थे।
राजस्थानी लिबास के साथ लोग अलग-अलग थीम पर यहां नजर आ रहे हैं। लोग एलईडी लाइट, सजावटी छतरियां, मशालें व मटकियां के साथ गरबा कर करते दिखे। इसमें एक पार्टिसिपेंट ने एलईडी लाइट्स की पगड़ी पहन रखी थी।


